Live नगर पालिका चुनाव में नामांकन कल से: सुबह 9:30 से दोपहर 3 बजे तक होंगे नामांकन, एसडीएम कार्यालय में हेल्प डेस्क तैयार

ललित चावला बिजौलिया | 26 Aug 2026

सुबह 9:30 से दोपहर 3 बजे तक होंगे नामांकन, एसडीएम कार्यालय में हेल्प डेस्क तैयार

बिजौलिया। नगर पालिका चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू होगी। नगर पालिका के 25 वार्डों में चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त निर्धारित की गई है। प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया को लेकर एसडीएम कार्यालय में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

नामांकन के लिए हेल्प डेस्क, फॉर्म के लिए अलग काउंटर

नामांकन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए एसडीएम कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। वहीं नामांकन फॉर्म उपलब्ध कराने के लिए अलग से काउंटर लगाया गया है। यहां उम्मीदवारों को नामांकन पत्र भरने और चुनाव प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

पहले फॉर्म भरें, फिर तय प्रारूप में करना होगा जमा

एसडीएम छोटू लाल शर्मा ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार को पहले निर्धारित नामांकन पत्र प्राप्त कर उसे नियमानुसार भरना होगा। इसके बाद आवश्यक जानकारी पूरी कर तय प्रारूप में नामांकन पत्र एसडीएम कार्यालय में जमा कराया जा सकेगा। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क के माध्यम से प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

सामान्य वर्ग की 2 हजार, आरक्षित वर्ग की 1 हजार रुपए जमानत

नामांकन पत्र जमा कराते समय उम्मीदवारों को निर्धारित जमानत राशि भी जमा करनी होगी। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों (पुरुष) को 2 हजार रुपए, जबकि एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के साथ ही किसी भी वर्ग की महिला उम्मीदवारों को 1 हजार रुपए जमानत राशि जमा करनी होगी। जमानत राशि जमा कराने के बाद उसकी रसीद भी सुरक्षित रखनी होगी। एसडीएम ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया एवं समय सीमा के अनुसार जमानत राशि उम्मीदवार को वापस लौटा दी जाएगी।

दूसरे वार्ड से चुनाव लड़ने पर प्रस्तावकों की जानकारी जरूरी

एसडीएम शर्मा ने बताया कि यदि किसी उम्मीदवार का नाम किसी दूसरे वार्ड की मतदाता सूची में है और वह अन्य वार्ड से चुनाव लड़ना चाहता है, तो उसे नियमानुसार संबंधित वार्ड के प्रस्तावकों की जानकारी देना अनिवार्य होगा।

सामान्य के 5 और आरक्षित वर्ग के 2 प्रस्तावक

ऐसे उम्मीदवारों के लिए प्रस्तावकों की संख्या भी वर्ग के अनुसार निर्धारित है। सामान्य वर्ग के उम्मीदवार के लिए 5 प्रस्तावक, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवार के लिए 2 प्रस्तावक जरूरी होंगे। नामांकन पत्र जमा करते समय प्रस्तावकों से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्रस्तुत करनी होगी।

नामांकन शुरू होते ही तेज होगी चुनावी सरगर्मी

नगर पालिका चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही 25 वार्डों में चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। संभावित उम्मीदवार नामांकन पत्र भरने के साथ आवश्यक दस्तावेज जुटाने में लगे हुए हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से एसडीएम कार्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।


यह होगा शेड्यूल 

चुनाव कार्यक्रम एक नजर में

नामांकन शुरू: 27 अगस्त

नामांकन की अंतिम तारीख: 31 अगस्त

नाम वापसी: 3 सितंबर

मतदानः 11 सितंबर

रिजल्ट:14 सितम्बर

कुल वार्ड: 25

कुल मतदाता: 12,991

महिला मतदाता: 6,544

पुरुष मतदाता: 6,447

अध्यक्ष पदः महिला अनारक्षित वर्ग

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news