सड़क निर्माण में लापरवाही से राहगीर परेशान: शक्करगढ़ चौराहे से केशुविलास रीको एरिया तक सड़क पर उड़ रही धूल, ठेकेदार की ओर से नहीं हो रहा पानी का छिड़काव
ललित चावला बिजौलिया | 17 Oct 2026
बिजौलिया। कस्बे के शक्करगढ़ चौराहा से रीको एरिया केशुविलास की ओर जाने वाली सड़क पर इन दिनों उड़ती धूल से राहगीर और वाहन चालक परेशान हैं। सड़क निर्माण कार्य के चलते मार्ग पर मिट्टी उड़ रही है, लेकिन ठेकेदार की ओर से नियमित पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। इससे सड़क से गुजरने वाले दुपहिया वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नंदा लुहार का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल उड़ने से वाहन चालकों को सामने का रास्ता देखने में भी दिक्कत होती है। वहीं, नियमित आवागमन करने वालों को भी धूल के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क निर्माण के दौरान पानी का छिड़काव नहीं होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।
भूती से साई पिपला तक बन रही 24 किलोमीटर सीसी सड़क
पीडब्ल्यूडी के एएईएन पुनीत कुमार ने बताया कि भूती से साई पिपला तक करीब 24 किलोमीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। साई पिपला से बिजौलिया की ओर करीब 5 किलोमीटर तक सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि आगे का काम जारी है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान धूल-मिट्टी उड़ने से दुपहिया वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इस समस्या को देखते हुए ठेकेदार को सड़क पर पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि धूल से लोगों को राहत मिल सके। पीडब्ल्यूडी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य अगले साल जुलाई तक पूरा किया जाना है।