बिजौलिया में तीन दिवसीय दशहरा महोत्सव आज से: दशहरा पर रावण दहन में इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़ होंगे मुख्य अतिथि, 51 फीट का रावण और 31-31 फीट के कुंभकर्ण-मेघनाथ के पुतले जलेंगे

ललित चावला बिजौलिया | 18 Oct 2026

दशहरा पर रावण दहन में इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़ होंगे मुख्य अतिथि, 51 फीट का रावण और 31-31 फीट के कुंभकर्ण-मेघनाथ के पुतले जलेंगे

बिजौलिया। नगर पालिका बिजौलिया की ओर से दशहरा महोत्सव के अवसर पर 18 से 20 अक्टूबर तक तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव की शुरुआत आज रविवार शाम पालिका चौक पर भजन संध्या से होगी। सोमवार को पुलिस थाने के सामने कवि सम्मेलन और मंगलवार को दशहरा मैदान, केसरगंज पलकी नदी पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 

बुराई पर अच्छाई की विजय 

विजयादशमी के अवसर पर 51 फीट ऊंचे रावण तथा 31-31 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा। रावण दहन कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़ मुख्य अतिथि होंगे।

आज भजन संध्या से होगी महोत्सव की शुरुआत

दशहरा महोत्सव के पहले दिन रविवार शाम पालिका चौक पर रात्रि भजन संध्या आयोजित होगी। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष स्नेहा तिवाड़ी, उपाध्यक्ष कुंवर सौभाग्य सिंह और समस्त पार्षदगण अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। भजन संध्या में भक्ति गीतों के माध्यम से धार्मिक माहौल बनेगा।

सोमवार को होगा कवि सम्मेलन

महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार शाम को पुलिस थाने के सामने कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कवि सम्मेलन में कवियों की प्रस्तुतियों के जरिए श्रोताओं को हास्य, व्यंग्य और काव्य का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

51 फीट ऊंचे रावण के साथ कुंभकर्ण-मेघनाथ के पुतलों का होगा दहन

दशहरा महोत्सव के अंतिम दिन मंगलवार को केसरगंज पलकी नदी स्थित दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए मैदान में 51 फीट ऊंचा रावण और 31-31 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतले तैयार किए गए हैं। कार्यक्रम में पूर्व जिला प्रमुख एवं इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।विजयादशमी पर दशहरा मैदान में आकर्षक लाइटिंग और सजावट की जाएगी। आयोजन के दौरान करीब एक घंटे तक आसमानी आतिशबाजी भी होगी। मंगलवार को ही पंचायत चौक पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news