मिशन-25: बिजौलिया में सभी 25 वार्डों में कमल खिलाने का संकल्प, भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक ने दिया जीत का मंत्र

ललित चावला बिजौलिया | 23 Aug 2026

बिजौलिया में सभी 25 वार्डों में कमल खिलाने का संकल्प, भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में विधायक ने दिया जीत का मंत्र

बिजौलिया। आगामी नगर पालिका चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को तेज करते हुए बिजौलिया में रविवार को नगरपालिका कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में संगठन की मजबूती, बूथ एवं वार्ड स्तर पर सक्रियता तथा चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से मंथन किया गया। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह और जोश देखने को मिला।

सम्मेलन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथ खड़े कर ‘मिशन-25’ के तहत बिजौलिया नगरपालिका के सभी 25 वार्डों में भाजपा की विजय और नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने 25 वार्ड, एक लक्ष्य और एक संकल्प के साथ चुनाव मैदान में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं की एकजुटता को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि आगामी नगर पालिका चुनाव संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं की मेहनत के आधार पर मजबूती से लड़ा जाएगा। उन्होंने बूथ स्तर पर मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने, संगठन के कार्यों को जनता तक पहुंचाने और आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर पार्टी नगर पालिका चुनाव में प्रभावी प्रदर्शन करेगी। उन्होंने प्रत्येक वार्ड में संगठन को मजबूत करने और भाजपा की विजय के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता एसटी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा रहे। कार्यक्रम में जिला सह प्रभारी मिट्ठूलाल जाट, पूर्व विधायक बद्री प्रसाद गुरुजी, जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल पालक कल्पेश चौधरी तथा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा सहित भाजपा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news