सिस्टम से हारा शंकर: सरकारी मदद का इंतजार खत्म होने से पहले थम गई शंकर की सांसें

ललित चावला बिजौलिया | 22 Aug 2026

सरकारी मदद का इंतजार खत्म होने से पहले थम गई शंकर की सांसें

बिजौलिया। सिलिकोसिस प्रमाण पत्र जारी होने के बावजूद सरकारी सहायता की 3 लाख रुपए की राशि नहीं मिलने से परेशान करलाव आरोली निवासी शंकर लाल भील की शुक्रवार को सिलिकोसिस से मौत हो गई। गंभीर बीमारी के कारण शंकर लंबे समय से पलंग पर था और परिवार को उम्मीद थी कि सहायता राशि मिलने पर उसका बेहतर इलाज कराया जा सकेगा।

बैंक खाता अपडेट नहीं होने की तकनीकी समस्या के चलते राशि अटक गई। 

सोशल वर्कर आरोली निवासी मोहन गुर्जर ने बताया कि परिवार ने 181 पर करीब चार बार शिकायत की। शिकायत जिला क्षय अधिकारी से लेकर निदेशालय विशेष योग्यजन तक पहुंची, लेकिन परिवार का आरोप है कि शिकायत एक विभाग से दूसरे विभाग को फॉरवर्ड होती रही। शंकर को किराए की गाड़ी से भीलवाड़ा तक ले जाकर भी अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

बता दें कि सिलिकोसिस पीड़ित शंकर भील की नाजुक हालत को लेकर सीएनएक्स डिजिटल में बीती 14 अगस्त को एक मार्मिक खबर प्रकाशित की गई थी। खबर के माध्यम से परिवार की परेशानी और सरकारी सहायता के लिए महीनों से चल रही जद्दोजहद को सामने लाया गया था। इसके बावजूद सहायता राशि शंकर तक नहीं पहुंच सकी।

परिवार में अब पत्नी और मजदूरी करने वाला बेटा रह गए हैं। बेटे की मजदूरी से घर और दवाइयों का खर्च चल रहा था। सहायता राशि मिलने की उम्मीद में महीनों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटता परिवार आखिर शंकर को बचा नहीं सका।

इस लिंक पर क्लिक करके 14 अगस्त की खबर पढ़ें

https://www.cnxdigital.in/News/Details/8382

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news