बिजौलिया में आबादी क्षेत्र में दिखा लेपर्ड: शोर होने पर मक्का के खेतों में भागा; मादा लेपर्ड दो शावकों के साथ दिखने का भी दावा

ललित चावला बिजौलिया | 22 Aug 2026

 शोर होने पर मक्का के खेतों में भागा; मादा लेपर्ड दो शावकों के साथ दिखने का भी दावा

बिजौलिया। ब्लॉक के चांदजी की खेड़ी गांव में शुक्रवार रात आबादी क्षेत्र में लेपर्ड की साइटिंग होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव में स्थित मंदिर के आगे बस्ती में रात करीब 11 बजे एक लेपर्ड शिकार की तलाश में घूमता दिखाई दिया। 

ग्रामीण राधेश्याम धाकड़ ने बताया कि रात करीब 11 बजे उन्होंने अपने घर की खिड़की से बाहर देखा तो एक लेपर्ड बस्ती में घूमता नजर आया। वह शिकार की तलाश में इधर-उधर घूम रहा था। राधेश्याम ने तत्काल अपने परिचितों को फोन कर मौके पर बुलाया। ग्रामीणों के एकत्र होने और शोर होने पर लेपर्ड वहां से भागकर पास के मक्का के खेतों की ओर चला गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

घर के अंदर से मोबाइल से लेपर्ड का लिया गया फोटो

घर के अंदर से मोबाइल से लेपर्ड का लिया गया फोटो

मादा लेपर्ड दो शावकों के साथ दिखने का दावा

ग्रामीण राजेश धाकड़ के अनुसार शुक्रवार दोपहर भी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों में एक मादा लेपर्ड अपने दो शावकों के साथ घूमती हुई दिखाई दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों पर लेपर्ड की गतिविधि सामने आने से गांव में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

आबादी के नजदीक पहुंच रहे लेपर्ड

ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में आए दिन लेपर्ड आबादी क्षेत्र के आसपास दिखाई दे रहे हैं। खेतों और गांव के नजदीक लेपर्ड की लगातार साइटिंग से दहशत के माहौल है।  ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को सूचना देने के बावजूद अभी तक क्षेत्र में पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की कार्रवाई नहीं की गई है।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news