विहिप-बजरंग दल कार्यालय में लगी आग: अखाड़े का सामान जलकर खाक, 13 वर्षों में जुटाया अखाड़ा प्रदर्शन का सामान, दस्तावेज और फोटो भी जले

ललित चावला बिजौलिया | 20 Aug 2026

अखाड़े का सामान जलकर खाक, 13 वर्षों में जुटाया अखाड़ा प्रदर्शन का सामान, दस्तावेज और फोटो भी जले

बिजौलिया। कस्बे के तेजाजी चौक स्थित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, श्री वीर बजरंग अखाड़े के कार्यालय में बुधवार रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग की चपेट में आने से अखाड़े के प्रदर्शन में उपयोग होने वाला अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। कार्यालय में रखे दस्तावेज, फोटो और अन्य सामग्री भी आग में जल गई। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह मिलने पर अखाड़े के सदस्य मौके पर पहुंचे और कार्यालय का जायजा लिया।

बजरंग दल के दीपक गौर ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से कार्यालय में रखा अखाड़ा प्रदर्शन में काम आने वाला लगभग पूरा सामान जल गया। इसके अलावा महत्वपूर्ण दस्तावेज, वर्षों से संभालकर रखी गई फोटो और अन्य सामग्री भी आग की भेंट चढ़ गई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक करीब 13 वर्षों में अखाड़े से जुड़े सदस्यों ने एक-एक कर सामान जुटाया था। अखाड़े के विभिन्न आयोजनों और प्रदर्शनों में इनका उपयोग किया जाता था। वर्षों की मेहनत से एकत्र किया गया यह सामान एक ही रात में आग से नष्ट हो जाने से सदस्यों में निराशा है।

विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण में रोजाना करते हैं अभ्यास

श्री वीर बजरंग अखाड़े द्वारा विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण में रोजाना अखाड़ा प्रदर्शन की प्रैक्टिस कराई जाती है। इसमें करीब 100 सदस्य नियमित रूप से अभ्यास करते हैं। अखाड़ा सदस्यों के अनुसार वर्षों से तैयार की गई सामग्री का उपयोग इन अभ्यासों और विभिन्न धार्मिक आयोजनों में प्रदर्शन के दौरान किया जाता रहा है। आग की घटना के बाद अखाड़े से जुड़े सभी सदस्यों में निराशा का माहौल है।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news