नगर पालिका चुनाव में Gen Z का असर: बिजौलिया में नई पीढ़ी की सियासी एंट्री, Gen Z उतरी मैदान में तो ढह सकते हैं कई पुराने राजनीतिक गढ़

ललित चावला बिजौलिया | 20 Aug 2026

बिजौलिया में नई पीढ़ी की सियासी एंट्री, Gen Z उतरी मैदान में तो ढह सकते हैं कई पुराने राजनीतिक गढ़

बिजौलिया। नवगठित बिजौलिया नगर पालिका का पहला चुनाव इस बार सिर्फ पार्षद और चेयरमैन चुनने तक सीमित नहीं रहने वाला है। चुनावी मैदान में Gen Z यानी नई युवा पीढ़ी की सक्रियता बढ़ी तो यह चुनाव बिजौलिया की स्थानीय राजनीति में बदलाव की शुरुआत बन सकता है। राजनीतिक दलों के टिकट वितरण से लेकर वार्डों के समीकरण तक, हर जगह अब युवा चेहरों की संभावित एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा निकाय चुनाव की तैयारी बैठक के बाद नई पीढ़ी को आधे से ज्यादा टिकट देने की पैरवी किए जाने के बाद बिजौलिया के चुनाव में भी यह सवाल खासा महत्वपूर्ण हो गया है कि क्या राजनीतिक दल पहली नगर पालिका के बोर्ड में युवाओं को बड़ी हिस्सेदारी देंगे।

पहला चुनाव, पहली बड़ी राजनीतिक परीक्षा

बिजौलिया के लिए यह नगर पालिका चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक है। नवगठित नगर पालिका का पहला बोर्ड चुना जाना है और इसी बोर्ड के जरिए आने वाले वर्षों में शहर के विकास की राजनीतिक दिशा तय होगी। ऐसे में राजनीतिक दलों के सामने उम्मीदवार चयन की बड़ी चुनौती है। पुराने और स्थापित राजनीतिक चेहरों के साथ अब युवा दावेदार भी टिकट की दौड़ में नजर आ रहे हैं। यदि Gen Z को पर्याप्त अवसर मिला तो पहली बार नगर पालिका बोर्ड में एक बड़ी संख्या ऐसे चेहरों की दिखाई दे सकती है, जिनकी राजनीति की शुरुआत ही नगर पालिका चुनाव से होगी।

टिकट मिला तो कई वार्डों में बदलेंगे समीकरण

बिजौलिया के कई वार्डों में वर्षों से कुछ परिवारों और राजनीतिक चेहरों का प्रभाव रहा है। स्थानीय स्तर पर सामाजिक समीकरण, व्यक्तिगत संपर्क और पुरानी राजनीतिक पकड़ चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लेकिन युवा उम्मीदवारों की एंट्री इन समीकरणों को चुनौती दे सकती है। युवा प्रत्याशी सोशल मीडिया, डिजिटल प्रचार और सीधे मतदाताओं से संपर्क के जरिए अपना अलग चुनावी माहौल तैयार कर रहे हैं।

Gen Z की अपनी चुनावी शैली

नई पीढ़ी का चुनाव प्रचार भी पारंपरिक राजनीति से अलग होने की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सऐप ग्रुप, शॉर्ट वीडियो और डिजिटल कैंपेन के जरिए युवा उम्मीदवार कम समय में मतदाताओं में पैठ जमा रहे हैं। युवा उम्मीदवार स्थानीय मुद्दों को ज्यादा आक्रामक तरीके से उठा सकते हैं। सड़क, सफाई, पेयजल, नालियां, स्ट्रीट लाइट, यातायात, खेल सुविधाएं, रोजगार और शहर के पर्यटन स्थलों के विकास जैसे मुद्दे चुनावी बहस के केंद्र में हैं।

पुराने अनुभव बनाम नई सोच

इस चुनाव में एक दिलचस्प मुकाबला अनुभव बनाम नई सोच का भी बन सकता है। पुराने राजनीतिक चेहरों के पास संगठन और लंबे समय का जनसंपर्क होगा, जबकि नई पीढ़ी के उम्मीदवारों के पास नई सोच, डिजिटल पहुंच और बदलाव का मुद्दा होगा। यही मुकाबला यह तय कर सकता है कि बिजौलिया नगर पालिका का पहला बोर्ड पारंपरिक राजनीतिक चेहरे ज्यादा लेकर आता है या नई पीढ़ी को बड़ी हिस्सेदारी मिलती है।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news