आरोली टोल के पास हादसे में गौ माता का पेट फटा,: 5 घंटे ऑपरेशन कर 317 टांके लगाकर बचाई जान
ललित चावला बिजौलिया | 18 Aug 2026
बिजौलिया। आरोली टोल के पास आज एक गौ माता का भीषण हादसा हो गया। दुर्घटना में गौ माता के पेट का हिस्सा बुरी तरह फट गया, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई। सूचना मिलने पर निष्काम गौ सेवा टीम, बिजौलिया मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर घायल गौ माता को उपचार के लिए पशु चिकित्सालय बिजौलिया पहुंचाया।
गाय की गंभीर स्थिति को देखते हुए पशु चिकित्सालय बिजौलिया के चिकित्सकीय दल और निष्काम गौ सेवा टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। इसके बाद गौ माता का ऑपरेशन शुरू किया गया, जो करीब 5 घंटे तक चला। लंबे और जटिल ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों एवं सेवा टीम के प्रयासों से ऑपरेशन सफल रहा।
ऑपरेशन के दौरान गौ माता के पेट पर करीब 317 टांके लगाए गए। गंभीर चोट के बावजूद ऑपरेशन के बाद गौ माता की हालत में सुधार देखने को मिला। फिलहाल घायल पशु को बेहतर निगरानी और उपचार के लिए निष्काम गौशाला, बिजौलिया के आईसीयू वार्ड में रखा गया है। ऑपरेशन के बाद गौ माता को नया जीवन मिला है। उपचार और देखभाल के बाद अब वह अपने चारों पैरों पर चल रही है
इनका रहा विशेष योगदान
गौ माता के रेस्क्यू से लेकर उपचार और ऑपरेशन तक पूरी प्रक्रिया में आदित्य गौड़, सार्थक विजयवर्गीय, LSA अर्जुन चारण और LSA हंसराज मीणा का विशेष योगदान रहा। पशु चिकित्सालय की टीम और निष्काम गौ सेवा टीम के संयुक्त प्रयासों से गंभीर रूप से घायल गौ माता का सफल उपचार संभव हो सका।