बम-बम भोले:बाबा मंदाकिनी महाकाल की भव्य शाही सवारी निकली : अघोर झांकी ने मोहा मन
ललित चावला बिजौलिया | 17 Aug 2026
बिजौलिया। श्रावण सोमवार के अवसर पर ऐतिहासिक मंदाकिनी महादेव मंदिर से बाबा मंदाकिनी महाकाल की भव्य शाही सवारी श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ निकाली गई। शाही सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे मार्ग में हर-हर महादेव तथा बाबा महाकाल के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शाही सवारी से पूर्व ऐतिहासिक मंदाकिनी महादेव मंदिर में बाबा महाकाल को आकर्षक रूप से सुसज्जित पालकी में विराजमान कराया गया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद बाबा की शाही सवारी रवाना हुई। सवारी में बैंड-बाजे, डीजे, घोड़े-घोड़ियां और मशक बैंड आकर्षण का केंद्र रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए सवारी के साथ चलते रहे। संतों के बैठने के लिए विशेष रथ की व्यवस्था की गई थी। वहीं युवा हाथों में डमरू और झांझ लेकर भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। बूंदी के ठीकरदा से आए मशक बैंड ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।
अघोर झांकी रही मुख्य आकर्षण
शाही सवारी का सबसे बड़ा आकर्षण जीवंत अघोर झांकी रही। चित्तौड़गढ़ से आए कलाकारों ने भगवान शंकर और उनके गणों का रूप धारण कर विभिन्न जीवंत झांकियों की प्रस्तुति दी। कलाकारों द्वारा चिता भस्म से होली खेलने की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया। झांकी को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
शाही सवारी जिस मार्ग से होकर गुजरी, वहां जगह-जगह कस्बेवासियों ने बाबा महाकाल पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। शाही सवारी कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मंदाकिनी महादेव मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचने पर बाबा महाकाल की महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।