1100 बिल्वपत्र चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ का श्रृंगार किया: बिजौलिया में नाग पंचमी पर शिवालयों में उमड़ी आस्था

ललित चावला बिजौलिया | 17 Aug 2026

बिजौलिया में नाग पंचमी पर शिवालयों में उमड़ी आस्था

बिजौलिया। सावन माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी के अवसर पर सोमवार को नाग पंचमी पर्व श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कस्बे के विभिन्न शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का विशेष पूजन-अभिषेक कर आकर्षक श्रृंगार किया गया। सुबह से ही मंदिरों में शिव भक्तों की आवाजाही रही और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालु दीपक सोनी ने बताया कि कस्बे के श्री नर्मदेश्वर (देवरी) महादेव मंदिर में नाग पंचमी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। श्री नर्मदेश्वर महादेव कमेटी के सदस्यों की ओर से भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजन किया गया। इस दौरान शिव को 1100 बिल्वपत्र अर्पित किए गए। इसके बाद बिल्वपत्र एवं पुष्पों से भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार किया गया। विशेष श्रृंगार के बाद भगवान की आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

इसी प्रकार कस्बे के ऐतिहासिक मंदाकिनी महादेव मंदिर में भी नाग पंचमी के अवसर पर शिव भक्तों ने विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर में महाकाल स्वरूप भगवान शिव के शिवलिंग का आकर्षक श्रृंगार किया गया। शिवलिंग को बिल्वपत्र एवं फूलों से सजाकर श्रद्धालुओं द्वारा अभिषेक किया गया। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर आरती में भाग लिया। सावन माह और नाग पंचमी के पर्व को लेकर क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धा का माहौल रहा। मंदिरों में भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news