बिजौलिया में गूंजे महादेव के जयकारे: कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 300 श्रद्धालु हुए शामिल

ललित चावला बिजौलिया | 16 Aug 2026

कांवड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 300 श्रद्धालु हुए शामिल

बिजौलिया। ऐतिहासिक मन्दाकिनी महाकाल मंदिर से तिलस्वां महादेव तक चतुर्थ कावड़ यात्रा का आयोजन रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। यात्रा में करीब 300 महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कावड़ यात्रा के दौरान पूरा वातावरण शिवमय हो गया और हर-हर महादेव, बोल बम तथा जय श्री महाकाल के जयघोष गूंजते रहे।

श्रद्धालुओं ने मन्दाकिनी के पवित्र जल को कावड़ में धारण किया और पैदल यात्रा करते हुए तिलस्वां महादेव मंदिर पहुंचे। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का मन्दाकिनी के पवित्र जल से विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

आयोजकों ने बताया कि मन्दाकिनी के पवित्र जल से तिलस्वां महादेव का जलाभिषेक करना ही कावड़ यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। लगातार चौथी बार आयोजित इस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था और शिव भक्ति का संदेश दिया गया।  यात्रा में शांतिलाल जोशी, सुनील जोशी एडवोकेट, परशुराम शर्मा, जितेंद्र सिंह चौहान, आशीष सोमानी, सत्यनारायण टेलर, गोविंद टेलर सहित अनेक लोग मौजूद थे।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news