सावधान! आगे सड़क नहीं, गड्ढों का जाल है: 5 किमी सड़क पर सिर्फ गड्ढे और कीचड़, सफर अपनी रिस्क पर कर रहे लोग
ललित चावला बिजौलिया | 16 Aug 2026
बिजौलिया। थड़ौदा से छोटी बिजौलिया तक करीब 5 किलोमीटर लंबी सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं और बारिश के चलते इनमें पानी व कीचड़ जमा हो गया है। हालत यह है कि कई जगह सड़क का स्वरूप ही दिखाई नहीं देता। गड्ढों में पानी भरा होने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सामान्य दिनों में कुछ ही मिनटों में पूरा होने वाला करीब 5 किलोमीटर का सफर अब दुपहिया वाहन चालकों को आधे घंटे से भी अधिक समय में तय करना पड़ रहा है। सड़क पर वाहन चलाना किसी चुनौती से कम नहीं है। गड्ढों और कीचड़ के कारण दुपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं चारपहिया वाहनों के भी क्षतिग्रस्त होने से वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
गिट्टी उखड़ी, सड़क रह गई नाम मात्र की
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क काफी पुरानी हो चुकी है। लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क की पूरी गिट्टी उखड़ चुकी है, नाम की सड़क है बाकी कुछ नहीं है। कई बार सार्वजनिक निर्माण विभाग को लिखित में शिकायत देकर आवश्यक मरम्मत करवाने की मांग की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ यह मार्ग मालीपुरा और बिजौलिया आने-जाने के लिए महत्वपूर्ण है। रोजाना सैकड़ों ग्रामीण, विद्यार्थी, कर्मचारी और अन्य लोग इस सड़क से आवागमन करते हैं। बारिश के दौरान जीकीईईसड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है।