स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया: देशभक्ति के रंग में रंगा बिजौलिया, 49 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
ललित चावला बिजौलिया | 15 Aug 2026
बिजौलिया। कस्बे में स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह राजकीय हाई स्कूल परिसर में आयोजित हुआ। समारोह में एसडीएम छोटू लाल शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। समारोह में कस्बे के करीब एक दर्जन विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने पीटी परेड में हिस्सा लेकर अनुशासन और देशभक्ति का परिचय दिया।
49 प्रतिभाओं का सम्मान
विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। समारोह के दौरान शिक्षा, खेल, सामाजिक क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली क्षेत्र की 49 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं को मिठाई का वितरण भी किया गया।
समारोह में तहसीलदार ललित डीडवानिया, विकास अधिकारी अशेष शर्मा, एसएचओ स्वागत पांड्या, एसबीईओ कन्हैया लाल शर्मा, राजकीय हाई स्कूल के प्रिंसिपल दिलीप सिंह सहित कस्बे के अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।