स्कूल के सामने जर्जर 11 केवी लाइन: कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
ललित चावला बिजौलिया | 15 Aug 2026
बिजौलिया। सलवटिया ग्राम पंचायत के झाड़ोली गांव स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के ठीक सामने से गुजर रही 11 हजार टीसी केवी विद्युत लाइन इन दिनों हादसे को न्योता दे रही है। विद्युत लाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने के साथ ही पोल के बीच अधिक दूरी होने से तार नीचे की ओर लटक रहे हैं। स्कूल के सामने आम रास्ता होने से खतरा और भी बढ़ गया है। इस रास्ते से दिनभर ग्रामीणों, राहगीरों और स्कूली बच्चों का आवागमन होता है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय के सामने से गुजर रही 11 केवी लाइन में करीब तीन स्थानों पर तार क्षतिग्रस्त हैं। कुछ जगह तार टूटने की स्थिति में पहुंच चुके हैं और कभी भी नीचे गिर सकते हैं। विद्युत पोल के बीच अधिक गैप होने के कारण तारों में आवश्यक खिंचाव नहीं है, जिससे वे काफी नीचे तक लटक रहे हैं।
आम रास्ते पर मंडरा रहा खतरा
विद्युत लाइन के ठीक नीचे आम रास्ता होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। यदि क्षतिग्रस्त तार अचानक टूटकर नीचे गिरते हैं तो राहगीरों, ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और शिक्षकों की जान खतरे में पड़ सकती है। बारिश के मौसम में विद्युत लाइन के आसपास खतरा और भी गंभीर हो जाता है। बता दें कि चांदजी की खेड़ी पंचायत के गिरधरपुरा गांव में बीती 22 जुलाई को 11 केवी विद्युत लाइन टूटकर गिरने से एक महिला की मौत हो चुकी है।
कई बार शिकायत, फिर भी समाधान नहीं
ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत लाइन की जर्जर स्थिति को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक लाइन की मरम्मत करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
इनका कहना : विद्युत विभाग के जेईएन रणजीत सिंह का कहना है कि शिकायत पर लाइन मेन को भेजा था, लाइन दुरुस्त कि गई है, और कहीं से लाइन क्षतिग्रस्त है तो इसे जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।