बिजौलिया में निकला 15 फीट लंबा अजगर: घास काटते किसान का पैर पड़ा तो मचा हड़कंप, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
ललित चावला बिजौलिया | 14 Aug 2026
बिजौलिया। क्षेत्र के उत्तम नगर में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में घास काटने गए किसान का पैर अचानक अजगर पर पड़ गया। विशालकाय अजगर को देखकर किसान घबरा गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर का रेस्क्यू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शी उत्तम नगर निवासी राजेश धाकड़ ने बताया कि गांव में स्कूल के पीछे शांतिलाल धाकड़ के खेत में घास काटने का काम चल रहा था। इसी दौरान किसान का पैर खेत में छिपे अजगर पर पड़ गया। शुरुआत में किसान को लगा कि पैर किसी अन्य जानवर पर पड़ा है, लेकिन जब उसने नजदीक से देखा तो करीब 15 फीट लंबा विशाल अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखते ही उसके होश उड़ गए और उसने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद रामगढ़ विषधारी सेंचुरी के भोपतपुरा कार्यालय में फोन कर अजगर के खेत में होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर स्थानीय वनकर्मी मौके पर पहुंचे और अजगर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन विशाल आकार के कारण उसे काबू करने में काफी परेशानी हुई। अजगर को नियंत्रित नहीं किया जा सका, जिसके बाद बूंदी से रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। बूंदी से पहुंची टीम ने विशाल अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे आबादी क्षेत्र से दूर जंगल में ले जाकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।