बिजौलिया में विशाल तिरंगा यात्रा निकली : देशभक्ति के गीतों पर झूमे युवा, कस्बेवासियों व स्कूली छात्र-छात्राओं ने लहराया तिरंगा
ललित चावला बिजौलिया | 13 Aug 2026
बिजौलिया। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगे बिजौलिया में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी बिजौलिया की ओर से हर घर तिरंगा एवं विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल खंडेलवाल के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, मातृशक्ति, कस्बेवासी एवं स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ उपखंड कार्यालय से सुबह हुआ। हाथों में तिरंगा थामे और देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए पालिका चौक पहुंची। यात्रा में शामिल स्कूली छात्र-छात्राएं भी हाथों में तिरंगा लहराते हुए पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। वहीं युवा देशभक्ति के गीतों पर झूमते नजर आए। पूरे मार्ग में भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा।
यात्रा में शामिल लोगों ने तिरंगा लहराते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर वीरों को नमन किया और देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। जगह-जगह कस्बेवासियों ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर तिरंगा यात्रा का उत्साह बढ़ाया। भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर तक राष्ट्रध्वज पहुंचाने के साथ नागरिकों में देश के प्रति गौरव एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं, युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों और आमजन में खासा उत्साह देखने को मिला।