1.90 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण: विधायक खंडेलवाल का फलों से तौलकर किया अभिनंदन
ललित चावला बिजौलिया | 09 Aug 2026
बिजौलिया। मकरेड़ी पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली। विधानसभा क्षेत्र में करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से करवाए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण विधायक गोपाल खंडेलवाल के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का फलों से तौलकर अभिनंदन किया।
लोकार्पित विकास कार्यों में भील बस्ती मकरेड़ी एवं सतकुड़िया में सामुदायिक भवन, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मकरेड़ी में कक्षा-कक्ष एवं डोम निर्माण तथा ग्राम पंचायत मकरेड़ी में उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। इन कार्यों के शुरू होने से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और गुणवत्तापूर्ण विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विकास कार्यों से प्रभावित ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार जताते हुए उन्हें फलों से तौलकर सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम में विधानसभा संयोजक अनिल पारीक विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि भाजपा बिजौलिया मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बंजारा ने अध्यक्षता की। ग्राम पंचायत मकरेड़ी प्रशासक पंकज गांग, उप सरपंच मोतीभंवर चुंडावत, शिव चंद्रवाल, शांति लाल जोशी, कैलाश धाकड़, पिंटू शर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।