चांद जी की खेड़ी में पैंथर की दस्तक: नाड़ी के पास पानी पीते नजर आया पैंथर, युवक यूरिया छोड़कर भागा, तीन दिन से आबादी क्षेत्र में मूवमेंट
ललित चावला बिजौलिया | 09 Aug 2026
बिजौलिया। चांद जी की खेड़ी गांव में पैंथर की साइटिंग हुई है। रविवार को खेत में मक्का की फसल में यूरिया खाद का छिड़काव करने गए युवक को आबादी क्षेत्र के नजदीक नाड़ी के पास पैंथर पानी पीते हुए नजर आया। अचानक सामने पैंथर को देखकर युवक घबरा गया और खाद का छिड़काव छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकला।
ग्रामीण राजेश धाकड़ ने बताया कि स्थानीय निवासी राधेश्याम धाकड़ अपने खेत में मक्का की फसल में यूरिया खाद का छिड़काव करने गया था। इसी दौरान आबादी क्षेत्र के समीप नाड़ी के पास उसकी नजर पानी पी रहे पैंथर पर पड़ी। पैंथर को करीब देखकर राधेश्याम ने बिना समय गंवाए वहां से दूरी बनाना शुरू कर दिया और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया।
राधेश्याम ने दूर से अपने मोबाइल कैमरे से पैंथर की तस्वीर भी खींची। पैंथर के आबादी क्षेत्र के नजदीक दिखाई देने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई। ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब तीन दिनों से क्षेत्र में पैंथर का मूवमेंट लगातार दिखाई दे रहा है।