बिजौलिया में चोरों ने एक रात में तीन घरों को बनाया निशाना: दो बाइक चोरी, एक बाइक का लॉक नहीं टूटा तो पेट्रोल निकाल ले गए

ललित चावला बिजौलिया | 09 Aug 2026

 दो बाइक चोरी, एक बाइक का लॉक नहीं टूटा तो पेट्रोल निकाल ले गए

बिजली के पोल पर चढ़कर मकान में घुसे चोर

बिजौलिया। कस्बे में शनिवार रात चोरों ने इंदिरा कॉलोनी में एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक मकान का मुख्य गेट तोड़कर घर में प्रवेश किया और कमरों में रखा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। वहीं दो स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए। एक अन्य बाइक का लॉक नहीं टूटने पर चोर उसका पेट्रोल निकालकर ले गए।

लॉक नहीं टूटा तो बाइक से पेट्रोल निकाला

मुख्य गेट का इंटरलॉक नहिं टूटा तो सीढ़ियों पर लगे लोहे के गेट को तोड़कर अंदर घुसे चोर

मुख्य गेट का इंटरलॉक नहिं टूटा तो सीढ़ियों पर लगे लोहे के गेट को तोड़कर अंदर घुसे चोर

चोर सबसे पहले इंदिरा कॉलोनी निवासी विजय यादव के घर के बरामदे में पहुंचे। यहां खड़ी मोटरसाइकिल का लॉक तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन लॉक नहीं टूटने पर चोर बाइक से पेट्रोल निकालकर ले गए। इसके बाद चोरों ने आसपास के मकानों को निशाना बनाया।

बिजली के पोल पर चढ़कर छत से मकान में घुसे

इसके बाद चोर पास ही रहने वाले प्राइवेट वेटरनरी कंपाउंडर राजेश नागर के मकान पर पहुंचे। परिवार के बाहर होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने पहले मकान के मेन गेट का इंटरलॉक तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद चोरों ने नजदीक ही लगे बिजली के पोल पर चढ़कर मकान की छत पर प्रवेश किया। छत से नीचे आने के बाद सीढ़ियों पर लगे लोहे के गेट को तोड़ा और मकान के अंदर पहुंचे। इसके बाद मुख्य गेट का इंटरलॉक भी अंदर से तोड़ दिया।

घर का सामान खंगाला, बाइक लेकर भागे

मकान में प्रवेश करने के बाद चोरों ने सभी कमरों को खंगाल दिया। घर में रखा सामान इधर-उधर बिखेर दिया। पीड़ित राजेश नागर के अनुसार चोरों को घर में कोई खास कीमती सामान नहीं मिला, जिसके बाद वे घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए।

रमेश के घर से भी बाइक चोरी

इसी रात चोरों ने नजदीक ही रहने वाले रमेश तेली के घर के बरामदे में खड़ी मोटरसाइकिल को भी निशाना बनाया। चोरों ने बाइक का लॉक तोड़ा और मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। इस तरह एक ही रात में इंदिरा कॉलोनी में तीन स्थानों पर चोरी की वारदात हुई।

15 दिन में पांच बाइक चोरी, लोगों में भय

कस्बे में एक ही रात में तीन वारदात सामने आने से लोगों में भय का माहौल है। पिछले कुछ समय से बिजौलिया में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि पिछले 15 दिनों में कस्बे में पांच मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। हालांकि पुलिस ने सरकारी अस्पताल के बाहर हुई बाइक चोरी के मामले में एक आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है, लेकिन लगातार सामने आ रही नई वारदातों से वाहन मालिकों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पीड़ितों ने पुलिस थाना पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दी है।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news