नशे के खिलाफ बिजौलिया पुलिस की कार्रवाई: लग्जरी कार से 45.770 किलो अफीम डोडा चूरा बरामद, चौकी प्रभारी की सटीक सूचना से पकड़ा गया तस्कर
ललित चावला बिजौलिया | 09 Aug 2026
बिजौलिया। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 45 किलो 770 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी कार को भी जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद अफीम डोडा चूरा की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
एसएचओ स्वागत पांड्या के अनुसार शनिवार को कास्या चौकी प्रभारी एएसआई नरेश कुमार की सूचना पर टीम ने कार्रवाई करते हुए केसरगंज फोरलेन कट पर एक लग्जरी कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 45.770 किलो अफीम डोडा चूरा तीन अलग-अलग कट्टों में भरा हुआ बरामद किया गया।
पुलिस ने राकेश कुमार (21) पुत्र काना राम जाट निवासी जांदवा, थाना रतनगढ़, जिला चूरू को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया तथा बरामद मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी कार को जब्त कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में एएसआई लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल विश्राम, मनोज, गीतम सिंह और लाछन सिंह की मुख्य भूमिका रही।