झरिया महादेव घाटे के जंगल में पेड़ से लटकता मिला शव: नजदीक ही खड़ी मिली बाइक; मामला संदिग्ध होने पर फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

ललित चावला बिजौलिया | 08 Aug 2026

नजदीक ही खड़ी मिली बाइक; मामला संदिग्ध होने पर फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

बिजौलिया। छोटी बिजौलिया पंचायत क्षेत्र के झरिया महादेव घाटे के वन क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा। मृतक की पहचान बिजौलिया खुर्द निवासी महेंद्र बलाई (20) पुत्र गोपाल बलाई के रूप में हुई है। एएसआई सुनील बेनीवाल के अनुसार घटनास्थल के नजदीक ही उसकी बाइक खड़ी मिली है और नजदीक ही जमीन पर मोबाइल और बाइक की चाबी मिली है।। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने भीलवाड़ा से फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

दो दिन से घर नहीं लौटा था युवक

घटनास्थल पर जमा भीड़

घटनास्थल पर जमा भीड़

परिजनों के अनुसार महेंद्र बीते दो दिनों से घर नहीं आया था। गुरुवार सुबह वह अपनी बहन को बिजौलिया छोड़ने गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन पर संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था महेंद्र

परिजनों के अनुसार महेंद्र बिजौलिया में बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के साथ वह कलर-पुट्टी का काम भी करता था। परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई और दो बहनें हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news