दुकानों की छत पर फंसा नंदी, : डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू

ललित चावला बिजौलिया | 01 Aug 2026

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू

बिजौलिया। कस्बे के बालाजी चौराहा स्थित दुकानों की छत पर शनिवार को एक नंदी के फंस जाने से मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भोजन की तलाश में आया नंदी टीन की चद्दरों के बीच फंस गया था और नीचे उतरने का रास्ता नहीं मिलने के कारण काफी देर तक छत पर ही परेशान होता रहा। सूचना मिलने पर निष्काम गौ सेवा तंत्र की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नंदी को सुरक्षित रेस्क्यू कर नीचे उतारा।


गौ सेवा तंत्र से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि कस्बे में कई गोपालकों द्वारा दूध देना बंद करने के बाद गायों और नंदियों को बेसहारा छोड़ दिया जाता है। भोजन और पानी की तलाश में ये पशु बाजारों और आबादी क्षेत्रों में भटकते रहते हैं। कई बार सड़क हादसों में घायल होने के साथ ही प्लास्टिक और कचरा खाने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे उनकी स्थिति गंभीर हो जाती है।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि निष्काम गौ सेवा तंत्र की टीम द्वारा ऐसे घायल, बीमार और लाचार पशुओं को समय-समय पर रेस्क्यू कर उपचार कराया जाता है। रेस्क्यू अभियान में आदित्य गोड़, सार्थक विजयवर्गीय, उमेश शर्मा एवं धनंजय गुरुजी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news