देवडूंगरी धार्मिक स्थल पर विवाद गहराया: मंदिर निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने

ललित चावला बिजौलिया | 20 Jul 2026

मंदिर निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने

बिजौलिया। कस्बे के देवडूंगरी स्थित धार्मिक स्थल पर मंदिर निर्माण और भूमि अधिकार को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एक ओर ग्रामवासियों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर मंदिर निर्माण में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है, वहीं देवनारायण गुर्जर सेवा संस्थान ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मंदिर परिसर में कथित अवैध निर्माण पर रोक लगाने और यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि 21 जुलाई को प्रस्तावित बाक्यारानी मंदिर निर्माण से पहले कुछ लोगों ने निर्माण का विरोध कर धमकियां दीं। उनका दावा है कि संबंधित भूमि सार्वजनिक उपयोग एवं नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में है, जहां पहले से कई धार्मिक स्थल मौजूद हैं।

वहीं, देवनारायण गुर्जर सेवा संस्थान का कहना है कि यह ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है और मंदिर परिसर में कथित अवैध निर्माण से धार्मिक गरिमा व सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। संस्थान ने प्रशासन से तत्काल निर्माण रोकने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। दोनों पक्षों के ज्ञापन के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इनका कहना: एसडीएम स्वाति झा ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से मांग पत्र दिया गया है। दोनों पक्षों से बातचीत की जा रहीं है।  

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news