नई पाइप लाइन बनी परेशानी, : लीकेज से हजारों लीटर पानी बर्बाद, जलदाय विभाग की लापरवाही से लोगों में नाराज़गी

ललित चावला बिजौलिया | 08 Jul 2026

लीकेज से हजारों लीटर पानी बर्बाद, जलदाय विभाग की लापरवाही से लोगों में नाराज़गी

बिजौलिया। कस्बे के वार्ड संख्या 6 में जलदाय विभाग द्वारा करीब 15 दिन पूर्व बिछाई गई नई पेयजल पाइप लाइन अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। पाइप लाइन में कई स्थानों पर लीकेज होने से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। लगातार पानी के रिसाव से मोहल्ले की गलियों में जगह-जगह पानी भर गया है और कीचड़ फैलने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय निवासी पंकज मेवाड़ा ने बताया कि जलदाय विभाग ने जल्दबाजी में नई पाइप लाइन तो बिछा दी, लेकिन गुणवत्ता पर ध्यान नहीं देने के कारण पाइप लाइन कई स्थानों से लीकेज हो रही है। लगातार रिसाव से सड़क पर पानी जमा रहने लगा है, जिससे छोटे-छोटे जलाशय बन गए हैं और आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों के कहना है कि  पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क को खोदा गया था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद विभाग ने सड़क की मरम्मत नहीं करवाई। वार्ड 6 और 7 में कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह उखड़ी हुई है तथा गिट्टी फैली होने से दुपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

 लोगों का कहना है कि पाइप लाइन लीकेज की शिकायत कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो लीकेज की मरम्मत कराई गई है और न ही सड़क को दुरुस्त किया गया है। इससे पानी की बर्बादी के साथ-साथ आमजन की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news