जर्जर सड़क बनी मुसीबत: कॉलेज और नर्सरी के सामने बड़े गड्ढों से वाहन चालक परेशान

ललित चावला बिजौलिया | 05 Jul 2026

कॉलेज और नर्सरी के सामने बड़े गड्ढों से वाहन चालक परेशान

शक्करगढ़ चौराहे से सीताकुंड तक सड़क बदहाल, बारिश में गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा

बिजौलिया। कस्बे में शक्करगढ़ चौराहे से सीताकुंड महादेव मंदिर तक जाने वाली करीब 8 किलोमीटर लंबी सड़क इन दिनों जर्जर हालत में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने और गिट्टी उखड़ने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। खासकर कॉलेज से आगे नाले के पास तथा नगर पालिका की नर्सरी के सामने सड़क पर बने बड़े गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं।

स्थानीय राजेंद्र मीणा ने बताया कि सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी है। कई स्थानों पर बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देते। इससे दुपहिया वाहन चालक संतुलन खोकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज के सामने और नगर पालिका की नर्सरी के सामने सड़क की हालत सबसे अधिक खराब है, जहां आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग कस्बे का प्रमुख संपर्क मार्ग होने के बावजूद लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, श्रद्धालु और ग्रामीण इसी सड़क से आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। 

2-4 दिन में भरेंगे गड्ढे

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पंकज मंगल ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों को भरने के लिए जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगले दो से चार दिनों के भीतर गड्ढों में मरड़ा डालकर सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा, जिससे आमजन को राहत मिल सके।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news