बिजौलिया में डाक बंगला निर्माण की मांग: उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को लिखा पत्र
ललित चावला बिजौलिया | 15 Jun 2026
बिजौलिया। ऊपरमाल पर्यावरण समिति के उपाध्यक्ष शक्ति नारायण शर्मा ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को पत्र भेजकर बिजौलिया उपखंड मुख्यालय पर डाक बंगला निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।
पत्र में शर्मा ने बताया कि बिजौलिया एक ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटक आते हैं। इसके अलावा यहां राजनीतिक जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों, विधायकों एवं अधिकारियों का भी लगातार आवागमन रहता है। ऐसे में क्षेत्र में एक आधुनिक डाक बंगले की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग के पास बिजौलिया में लगभग 6 बीघा भूमि का बड़ा भूखंड उपलब्ध है, जो राजस्थान में उपलब्ध बड़े सरकारी भूखंडों में से एक है। इस भूखंड पर वर्तमान में करीब 572 वर्ग मीटर क्षेत्र में निर्मित भवन है, जो 70-75 वर्ष पुराना होकर जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। यहां वर्तमान में सहायक अभियंता कार्यालय एवं गैंगहट संचालित हैं।
शर्मा ने पत्र में उल्लेख किया कि बिजौलिया में उपखंड कार्यालय, पंचायत समिति, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के कार्यालय संचालित हैं। साथ ही यहां का प्रसिद्ध सेंडस्टोन देशभर में विख्यात है और विदेशों तक इसका निर्यात होता है, जिससे देश को विदेशी मुद्रा भी प्राप्त होती है। बड़ी संख्या में व्यापारी एवं अन्य लोग भी क्षेत्र में आते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इतने बड़े भूखंड का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। यदि इसी स्थान पर डाक बंगले का निर्माण कराया जाता है तो क्षेत्र के विकास के साथ सरकार को राजस्व की प्राप्ति भी होगी।
शर्मा ने उपमुख्यमंत्री से मांग की है कि जनहित को देखते हुए बिजौलिया में डाक बंगले के निर्माण की स्वीकृति जारी करने के आदेश प्रदान किए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों एवं यहां आने वाले आगंतुकों को सुविधा मिल सके।