कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत: बूंदी मार्ग पर हुआ हादसा

ललित चावला बिजौलिया | 13 Jun 2026

 बूंदी मार्ग पर हुआ हादसा

बिजौलिया। बिजौलिया से बूंदी मार्ग पर बांका-भीमलत के बीच हुए सड़क हादसे में एक 26 वर्षीय युवक की शनिवार को मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने दुपहिया वाहन को सामने से टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

एएसआई सुनील बेनीवाल ने बताया कि पिपलदा निवासी कुलदीप सिंह हाड़ा (26) पुत्र गुमान सिंह हाड़ा अपने ससुराल बिजौलिया के कांस्या गांव से  दुपहिया वाहन पर बूंदी की ओर जा रहा था। इसी दौरान बांका और भीमलत के बीच सामने से आ रही हरियाणा पासिंग रिट्ज कार ने उसके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में कुलदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे उपचार के लिए बिजौलिया उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बूंदी रेफर कर दिया। बूंदी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news