एडमिशन के बीच कॉलेज पर ताला: एडमिशन फॉर्म भरने पहुंचे अभिभावक भीषण गर्मी में बैरंग लौटे

ललित चावला बिजौलिया | 12 Jun 2026

एडमिशन फॉर्म भरने पहुंचे अभिभावक भीषण गर्मी में  बैरंग लौटे

बिजौलिया। कस्बे के श्री विजय सिंह पथिक राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को लापरवाही का मामला सामने आया। स्नातक प्रथम वर्ष के प्रवेश फॉर्म भरने की प्रक्रिया के बीच निर्धारित समय पर महाविद्यालय नहीं खुलने से दूर-दराज से आए अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 11:40 बजे तक कॉलेज के मुख्य द्वार पर ताला लगा रहा और प्राचार्य सहित पूरा स्टाफ नदारद मिला।

इन दिनों महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण उपखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से अभिभावक भीषण गर्मी के बावजूद अपने बच्चों के प्रवेश संबंधी कार्य के लिए कॉलेज पहुंच रहे हैं। लेकिन शुक्रवार को तय समय के बाद भी कॉलेज का गेट नहीं खुलने से करीब 8 से 10 अभिभावक वापस लौट गए।

पेरेंट संजय कोली ने बताया कि  कॉलेज द्वारा 13 जून तक आवेदन की अंतिम तिथि बताई गई है। इसके बावजूद 11:40 तक कॉलेज का मुख्य गेट बंद रहा और कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। इस मामले में प्राचार्य आदित्य वैष्णव ने बताया कि कॉलेज निर्धारित समय पर ही खुलता है, लेकिन आज थोड़ी देरी हो गई।

Share this news:
Facebook WhatsApp

More news