भागवत कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
ललित चावला बिजौलिया | 11 Jun 2026
बिजौलिया। श्रीनृसिंहद्वारा मंदिर परिसर में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन आज श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा श्रवण के लिए बिजौलिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्री 1008 ब्रह्मलीन स्वर्गीय रामदास जी महाराज की पुण्य स्मृति में आयोजित इस संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का वाचन चित्रकूट धाम के प्रसिद्ध कथावाचक स्वामी मुक्तानंद सरस्वती महाराज द्वारा किया जा रहा है। कथा के दौरान स्वामीजी ने जड़ भरत की अद्भुत भक्ति, अजामिल के उद्धार, भक्त प्रह्लाद के अटूट विश्वास, हिरण्यकश्यप के अत्याचारों तथा भगवान श्रीनृसिंह के अवतार द्वारा उसके संहार का मार्मिक वर्णन किया। इसके साथ ही भगवान के वराह अवतार, वामन अवतार एवं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अवतार की महिमा का भी विस्तार से वर्णन किया।
कथावाचक ने कहा कि भगवान अपने भक्तों की रक्षा के लिए समय-समय पर विभिन्न अवतार धारण करते हैं। भक्त प्रह्लाद की कथा सुनाते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की आकर्षक एवं जीवंत झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। जैसे ही नंदलाल के जन्म की घोषणा हुई, पूरा पंडाल "नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" के जयघोषों से गूंज उठा।
महिलाओं ने बधाई गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य कर जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
इस अवसर पर संत श्यामदास महाराज, गोपालदास महाराज एवं मालमराम महाराज की उपस्थिति रही।