बिजौलिया में जलदाय विभाग की लापरवाही : हजारों लीटर पानी बरबाद, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई मरम्मत
ललित चावला बिजौलिया | 09 Jun 2026
बिजौलिया। कस्बे के छोटा दरवाजा के बाहर स्थित मुख्य पेयजल पाइप लाइन फूटने से पिछले चार दिनों से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। मोहल्लेवालो द्वारा कई बार सूचना देने के बावजूद जलदाय विभाग की ओर से अब तक कोई मरम्मत कार्य नहीं किए जाने से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार मुख्य पाइप लाइन में लीकेज होने के कारण लगातार पानी बह रहा है, जिससे सड़क पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन गई है। पानी जमा होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्लेवासी दिनेश धाबाई ने बताया कि पाइप लाइन फूटने के कारण पिछले चार दिनों से लगातार पानी बह रहा है। इससे सड़क कीचड़युक्त हो गई है और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्थित गणेश मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदगी और कीचड़ के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है।
एक ओर सरकार जल संरक्षण और पानी बचाने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर विभाग की लापरवाही के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल बर्बाद हो रहा है। नागरिकों ने शीघ्र मरम्मत कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।