बिजौलिया में श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ: भव्य शोभायात्रा के साथ मंदाकिनी महादेव में श्रीमद् भागवत कथा प्रारंभ

ललित चावला बिजौलिया | 08 Jun 2026

भव्य शोभायात्रा के साथ मंदाकिनी महादेव में श्रीमद् भागवत कथा प्रारंभ

बिजौलिया। कस्बे के मंदाकिनी महादेव मंदिर परिसर में सोमवार को श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा मंदाकिनी महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर चारभुजा मंदिर, सदर बाजार एवं तेजाजी चौक सहित प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मंदाकिनी महादेव मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान के जयकारों के साथ भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए। महिलाओं ने मंगल गीत गाए तथा श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

नृसिंह द्वारा के महंत श्यामदास  महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) से स्वामी मुक्तानंद महाराज श्रीमद् भागवत कथा का वाचन कर रहे हैं। कथा के प्रथम दिवस स्वामी मुक्तानंद महाराज ने श्रीमद् भागवत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा मनुष्य को धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान की भक्ति में लीन रहकर जीवन को सार्थक बनाने का आह्वान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति के अनुसार श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 14 जून तक प्रतिदिन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे।

Share this news:
Facebook WhatsApp