बिजौलिया में दिनदहाड़े चाय होटल संचालक पर जानलेवा हमला: हथियार लहराते हुए फरार हुए बदमाश

ललित चावला बिजौलिया | 06 Jun 2026

हथियार लहराते हुए फरार हुए बदमाश

बिजौलिया। कस्बे की सब्जी मंडी में एक चाय होटल संचालक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और व्यापारियों में भय का माहौल बन गया। घटना शुक्रवार दोपहर की है। घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर आया।

थड़ोदा निवासी पिंटू पुरी पुत्र सूरजमल पुरी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी चाय की होटल पर मौजूद था। इसी दौरान बिजौलिया निवासी लक्की सेन अपने साथ तीन अज्ञात व्यक्तियों को दो मोटरसाइकिलों पर लेकर वहां पहुंचा। तीनों अज्ञात व्यक्तियों के हाथों में धारदार हथियार और लकड़ियां थीं। लक्की सेन के इशारा करते ही तीनों व्यक्तियों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लकड़ियों से उसके सिर और शरीर पर वार किए, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। होटल पर काम करने वाले अर्जुन ने बीच-बचाव कर पिंटू को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी।

हमले के दौरान जान बचाने के लिए पिंटू सब्जी मंडी के अंदर भाग गया। कुछ देर बाद उसका छोटा भाई पप्पू मौके पर पहुंचा और आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ भी हाथापाई की तथा मारपीट करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित होने लगे, लेकिन इसके बावजूद आरोपी लगातार धमकियां देते रहे। पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने हथियार लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसका आरोपियों के साथ न तो कोई पुराना विवाद है और न ही किसी प्रकार का लेन-देन, इसके बावजूद इस तरह की गंभीर वारदात को अंजाम दिया गया। मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। एएसआई हरिसिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share this news:
Facebook WhatsApp