बिजौलिया में चरागाह भूमि पर अवैध खनन: लीज क्षेत्र से बाहर अवैध खनन रोकने और अतिक्रमण हटाने की मांग

ललित चावला बिजौलिया | 02 Jun 2026

 लीज क्षेत्र से बाहर अवैध खनन रोकने और अतिक्रमण हटाने की मांग

बिजौलिया ब्लॉक के आंट पटवार हल्का रेसुंदा क्षेत्र में चारागाह एवं बिलानाम भूमि पर कथित अवैध खनन और अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों ने आज एसडीएम और खनिज विभाग से कार्रवाई की मांग की है। 

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम आंट क्षेत्र में स्थित लीज संख्या 113 के आसपास आराजी संख्या 84 एवं 87 की भूमि पर  एक भू माफिया द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर भारी मशीनरी के माध्यम से खनन कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह खनन लीज क्षेत्र से बाहर चारागाह एवं बिलानाम भूमि पर किया जा रहा है, जिससे सरकारी भूमि को नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों के अनुसार जब उन्होंने संबंधित व्यक्ति को अवैध कब्जा और खनन कार्य रोकने के लिए समझाइश की तो उन्हें धमकाया गया। इसके बाद 27 मई 2026 को बिजौलिया थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर कुछ समय के लिए गतिविधियां बंद हो गई थीं। लेकिन बाद में पुनः चारागाह एवं बिलानाम भूमि पर कब्जा कर खनन कार्य शुरू कर दिया गया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने तक की धमकियां दी जा रही हैं।  ग्रामीणों ने खनिज विभाग से मांग की है कि लीज संख्या 113 का मौके पर निरीक्षण कर सीमांकन कराया जाए तथा चारागाह और बिलानाम भूमि पर हो रहे कथित अवैध खनन और अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। साथ ही  भविष्य में सरकारी भूमि पर कब्जा एवं अवैध खनन नहीं करने के लिए पाबंद करने की भी मांग की गई है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो सरकारी भूमि को व्यापक नुकसान हो सकता है। उन्होंने खनिज विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Share this news:
Facebook WhatsApp