उप स्वास्थ्य केन्द्र स्थानांतरण का विरोध : ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, कहा-लक्ष्मीखेड़ा में ही खुले उपस्वास्थ्य केंद्र

ललित चावला बिजौलिया | 01 Jun 2026

ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, कहा-लक्ष्मीखेड़ा में ही खुले उपस्वास्थ्य केंद्र

बिजौलिया ब्लॉक के लक्ष्मीखेड़ा के ग्रामीणों ने पंचायत मुख्यालय पर स्वीकृत उप स्वास्थ्य केन्द्र को अन्य स्थान पर बनाए जाने के प्रयासों का विरोध करते हुए आज उपखंड अधिकारी बिजौलिया को जिला कलेक्टर के नाम  ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि राज्य सरकार के निर्देशों और पूर्व में भेजे गए भूमि आवंटन प्रस्ताव के अनुसार उप स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण पंचायत मुख्यालय लक्ष्मीखेड़ा में ही कराया जाए।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2019 में नवसृजित ग्राम पंचायत लक्ष्मीखेड़ा के गठन के बाद पंचायत भवन एवं अन्य राजकीय भवनों के लिए सरकारी भूमि आवंटित की गई थी। पंचायत भवन का निर्माण हो चुका है तथा शेष भूमि राजकीय भवनों के लिए आरक्षित है। इसी क्रम में राज्य सरकार द्वारा 2021 में लक्ष्मीखेड़ा में उप स्वास्थ्य केन्द्र स्वीकृत किया गया था, जिसके लिए भूमि आवंटन प्रस्ताव तैयार कर जिला कलेक्टर को भेजा गया था।

ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त प्रस्ताव अभी भी विचाराधीन है, लेकिन उप स्वास्थ्य केन्द्र को पंचायत मुख्यालय के बजाय सरपंच और सचिव द्वारा लक्ष्मीखेड़ा के मजरे देवरी की नूण में बनवाने के प्रयास किए रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि देवरी की नूण में आबादी मात्र 100 से 150 लोगों की है, जबकि लक्ष्मीखेड़ा की आबादी 800 से 900 के बीच है। इसके बावजूद स्वास्थ्य केन्द्र को पंचायत मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थापित किया जा रहा है। 

ज्ञापन मे आरोप लगाया गया है कि जिस स्थान पर निर्माण कार्य शुरू किया गया है, वह राजकीय प्राथमिक विद्यालय देवरी की नूण का परिसर है। इसके लिए शिक्षा विभाग से किसी प्रकार की अनापत्ति नहीं ली गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना सक्षम स्वीकृति के निर्माण कार्य प्रारम्भ करवा दिया है तथा भवन निर्माण के लिए नींव खुदाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का पुनः परीक्षण कर पूर्व में आरक्षित सरकारी भूमि पर ही उप स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि पंचायत क्षेत्र के अधिकतम लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Share this news:
Facebook WhatsApp