बिजौलिया को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगात: उप जिला चिकित्सालय भवन निर्माण के लिए ₹43.97 करोड़ मंजूर

ललित चावला बिजौलिया | 30 May 2026

उप जिला चिकित्सालय भवन निर्माण के लिए ₹43.97 करोड़ मंजूर

बिजौलिया। कस्बे के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए बिजौलिया में उप जिला चिकित्सालय भवन निर्माण हेतु राज्य सरकार ने ₹43.97 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के पीछे विधायक गोपाल खंडेलवाल के लगातार प्रयासों और प्रभावी पैरवी को प्रमुख कारण माना जा रहा है।


बिजौलिया क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा होने के कारण यहां प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं भी समय-समय पर सामने आती रहती हैं। ऐसे में गंभीर रूप से घायल मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें भीलवाड़ा, कोटा अथवा अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों में रेफर करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय, धन और परेशानी का सामना करना पड़ता था।

इसके अलावा बिजौलिया प्रदेश के प्रमुख खनन क्षेत्रों में शामिल है, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक प्रतिदिन कार्य करते हैं। खनन गतिविधियों और भारी वाहनों की निरंतर आवाजाही के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा आधुनिक सुविधाओं से युक्त उप जिला चिकित्सालय की मांग की जा रही थी ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

विधायक गोपाल खंडेलवाल ने इस आवश्यकता को देखते हुए राज्य सरकार के समक्ष लगातार पैरवी की। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप अब उप जिला चिकित्सालय भवन निर्माण के लिए ₹43.97 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। यह स्वीकृति क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और यह स्वीकृति क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर का क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

Share this news:
Facebook WhatsApp