हाईटेंशन लाइन से खतरा : बरगद की टहनियों से निकल रहे अंगारे, मंडोल टोल के पास 33 केवी लाइन से हादसे का खतरा
ललित चावला बिजौलिया | 29 May 2026
बिजौलिया। मंडोल टोल के नजदीक स्टेट हाईवे के सहारे गुजर रही 33 हजार केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन लोगों के लिए खतरे का कारण बनती जा रही है। लाइन के तारों से बरगद के पेड़ की टहनियां टच होने के कारण आए दिन चिंगारियां और अंगारे गिर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार हाईवे से लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है तथा आसपास ग्रामीणों का भी आवागमन बना रहता है। ऐसे में लाइन से निकलने वाली चिंगारियां किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि कई बार रात के समय तारों से तेज आवाज के साथ अंगारे गिरते दिखाई देते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
शिवसेना तहसील प्रमुख रामफूल धाकड़ ने विद्युत विभाग से शीघ्र प्रभाव से व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बरगद के पेड़ की टहनियों की समय रहते कटाई-छंटाई नहीं की गई तो बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।