नयानगर में श्मशान भूमि पर अवैध खनन का आरोप: भील समाज ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

ललित चावला बिजौलिया | 27 May 2026

 भील समाज ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

बिजौलिया। तहसील क्षेत्र के नयानगर गांव में श्मशान भूमि पर अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। आदिवासी भील समाज नयानगर ने तहसीलदार ललित डीडवानिया को प्रार्थना पत्र सौंपकर श्मशान भूमि पर हो रहे कथित अवैध खनन कार्य को तुरंत बंद करवाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम नयानगर, पटवार हल्का नयानगर स्थित खाता संख्या 343 में दर्ज आराजी नंबर 1448/150 भूमि श्मशान के नाम से दर्ज है, जिसका उपयोग लंबे समय से भील समाज द्वारा अंतिम संस्कार स्थल के रूप में किया जाता रहा है। समाज के लोगों का आरोप है कि उक्त भूमि पर अवैध खनन करने की नीयत से वहां बनी पत्थर की दीवार को हटाया गया तथा खुदाई कर पत्थरों के जौटे डाले जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नयानगर निवासी आनंद रावत द्वारा श्मशान भूमि पर अवैध खुदाई और खनन कार्य किया जा रहा है, जिससे भूमि को नुकसान पहुंच रहा है। समाज के लोगों का कहना है कि यह सार्वजनिक उपयोग एवं श्मशान हेतु आरक्षित भूमि है और इस प्रकार की गतिविधियों से ग्रामीणों की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हो रही हैं। भील समाज ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, मौके का निरीक्षण कराने तथा अवैध खनन कार्य को तुरंत रुकवाने की मांग की है।

Share this news:
Facebook WhatsApp