खतरनाक तिलस्वां घाटे ने फिर ली जान: हादसे में तीन मजदूरों की मौत; चालक फरार, घायल मजदूरों को कोटा रेफर किया

ललित चावला बिजौलिया | 27 May 2026

हादसे में तीन मजदूरों की मौत; चालक फरार, घायल मजदूरों को कोटा रेफर किया

बिजौलिया राजस्थान-मध्यप्रदेश बॉर्डर स्थित तिलस्वां घाटे पर एक बार फिर दर्दनाक हादसे का गवाह बना। मंगलवार रात करीब 10 बजे मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कास्या (भीलवाड़ा) बॉर्डर से करीब,500 मीटर दूर एमपी में हुआ। पिक अप करीब 200 फिट नीचे खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (RJ14-GN-6549) राजस्थान के धौलपुर से बांसवाड़ा की ओर जा रहा था। वाहन में पेंट की बाल्टियां भरी हुई थीं और मजदूर उन्हीं बाल्टियों के ऊपर बैठे हुए थे। तिलस्वां घाट के खतरनाक मोड़ पर चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और पिकअप सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

हादसा इतना भयावह था कि पेंट की बाल्टियां फटने से रंग मजदूरों के शवों और आसपास फैल गया। घटनास्थल का मंजर देखकर स्थानीय लोगों और राहगीरों की रूह कांप उठी। मृतक मजदूर उत्तरप्रदेश के बरेली, गाजीपुर तथा राजस्थान के जयपुर निवासी बताए जा रहे हैं। सभी मजदूर आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे।

घायलों में मोहम्मद जाकिर (40), इदरीस और सोमपाल शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सिंगोली थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा और तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाला गया और सिंगोली अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि रविवार को भी इसी तिलस्वां घाट पर शिव शक्ति ट्रेवल्स की बस पलट गई थी, जिसमें करीब 30 यात्री घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। न तो खतरनाक मोड़ों पर पर्याप्त चेतावनी बोर्ड हैं और न ही सुरक्षा बैरियर मजबूत किए गए हैं।

Share this news:
Facebook WhatsApp