तस्करों के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन: 47 लाख कीमत का 310 किलो अफीम डोडा चूरा जब्त, तस्कर फरार
ललित चावला बिजौलिया | 24 May 2026
बिजौलिया थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 310.840 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा से भरी एक लग्जरी कार किआ सेल्टोस जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 47 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्कर कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
थानाधिकारी स्वागत पांड्या ने बताया कि चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा शनिवार को बेंगू क्षेत्र से आ रही एक संदिग्ध कार का पीछा किया जा रहा था। इस दौरान कार सवार तस्कर पुलिस को चकमा देकर वाहन को तेज गति से भगाकर बिजौलिया क्षेत्र की ओर ले आए। सूचना मिलते ही बिजौलिया थाना पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी और घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस की सख्त घेराबंदी को देखकर तस्करों ने सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार (RJ06UC2443) को आरोली गांव के पास नेशनल हाईवे-27 से नीचे उतार दिया और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
सूचना पर थानाधिकारी स्वागत पांड्या मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और संदिग्ध कार की तलाशी ली। जांच के दौरान कार की पीछे की सीट हटाई हुई मिली तथा उसमें बड़ी मात्रा में कट्टों में भरा अवैध अफीम डोडा चूरा पाया गया। नियमानुसार तलाशी और जांच करने पर कार से कुल 19 कट्टों में 310.840 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ एवं लग्जरी कार को जब्त कर लिया। वहीं फरार तस्करों की तलाश के लिए आसपास क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन देर रात तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में एएसआई लक्ष्मण सिंह, हेड कांस्टेबल राजू तथा कांस्टेबल विश्राम और अनिल कुमार की विशेष भूमिका रही।