बिजौलिया में सीसी रोड निर्माण में अनियमितता पर भड़के विधायक गोपाल खंडेलवाल: सड़क तुड़वाकर दोबारा बनाने के दिए आदेश
ललित चावला बिजौलिया | 21 May 2026
बिजौलिया। विधायक गोपाल खंडेलवाल ने आज बिजौलिया नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 स्थित रावला चौक में बन रही सीसी रोड के निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में घटिया सामग्री उपयोग किए जाने और तय मानकों की अनदेखी की शिकायत मिलने पर विधायक स्वयं मौके पर पहुंचे और अधिकारियों व ठेकेदार को फटकार लगाई।
ग्रामीणों और वार्डवासियों ने विधायक को शिकायत दी थी कि रावला चौक में निर्माणाधीन सीसी रोड में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा तथा निर्माण कार्य बेहद निम्न स्तर का किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक गोपाल खंडेलवाल मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर विधायक ने नाराजगी जाहिर करते हुए नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी पंकज मंगल और संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाया।
सड़क निर्माण में लापरवाही और घटिया सामग्री उपयोग किए जाने पर विधायक ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी प्रकार का भ्रष्टाचार और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि वर्तमान में बनी घटिया सीसी रोड को तत्काल खोदकर हटाया जाए और पूरी गुणवत्ता के साथ नए सिरे से सड़क निर्माण कराया जाए।
विधायक ने संबंधित ठेकेदार को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि इस प्रकार की लापरवाही दोबारा सामने आई तो संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने सहित कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।विधायक ने स्पष्ट कहा कि मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में जनता के हक की गाढ़ी कमाई को भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा। जो सड़क खराब बनी है, उसे खोदकर नए सिरे से मजबूत बनाया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र के हर गांव और वार्ड में विकास कार्य उच्च गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ ही होंगे। लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।विधायक की इस कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों और वार्डवासियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक का आभार व्यक्त किया।