ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों का प्रदर्शन: प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
ललित चावला बिजौलिया | 20 May 2026
बिजौलिया। उपखंड क्षेत्र के सलावटिया, आरोली एवं बिजौलिया के केमिस्टों और दवा विक्रेताओं ने बुधवार को अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान दवा व्यापारियों ने प्रधानमंत्री के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण लगाने और छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा करने की मांग की।
दवा विक्रेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बिना उचित चिकित्सकीय परामर्श और निर्धारित नियमों की पालना के दवाइयों की बिक्री की जा रही है, जो आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में बिना प्रमाणित ई-प्रिस्क्रिप्शन के दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे दवाओं के दुरुपयोग और गलत उपचार की आशंका बढ़ रही है।
केमिस्टों ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान कुछ विशेष परिस्थितियों में दी गई छूट और प्रावधानों का अब गलत तरीके से उपयोग किया जा रहा है। ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट और आकर्षक ऑफर देकर स्थानीय दवा व्यापारियों के व्यवसाय को प्रभावित कर रही हैं, जिससे छोटे दुकानदार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए, फर्जी और अप्रमाणित ई-प्रिस्क्रिप्शन जारी करने वालों पर कार्रवाई की जाए तथा होम डिलीवरी के माध्यम से होने वाले अनियंत्रित दवा वितरण को नियंत्रित किया जाए। साथ ही सरकार से छोटे और मध्यम स्तर के दवा व्यापारियों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।
दवा विक्रेताओं ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य सर्वोपरि है। यदि समय रहते इस विषय पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। प्रदर्शन के दौरान उपखंड क्षेत्र के कई दवा व्यापारी, केमिस्ट संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।