भीलवाड़ा को मिला नया पुलिस कप्तान: आईपीएस सागर राणा होंगे भीलवाड़ा के नए एसपी, धर्मेंद्र सिंह का चित्तौड़गढ़ तबादला
ललित चावला बिजौलिया | 20 May 2026
बिजौलिया। राज्य सरकार द्वारा मंगलवार देर रात जारी की गई भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों की तबादला सूची में भीलवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक पद पर बड़ा बदलाव किया गया है। सरकार ने वर्तमान पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह का तबादला चित्तौड़गढ़ कर दिया है, जबकि दौसा में तैनात आईपीएस अधिकारी सागर राणा को भीलवाड़ा जिले की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सरकार के आदेश जारी होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। सागर राणा मूल रूप से हरियाणा के निवासी हैं और भारतीय पुलिस सेवा में अपनी कार्यशैली एवं अनुशासन के लिए पहचाने जाते हैं। दौसा में पुलिस अधीक्षक रहते हुए उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और जनसुनवाई से जुड़े मामलों में सक्रिय भूमिका निभाई। अब उन्हें भीलवाड़ा जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी दी गई है।
सागर राणा की पत्नी रजिता शर्मा भी राजस्थान कैडर की भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी हैं। दोनों अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यशैली और सख्त कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता है। वहीं, भीलवाड़ा में कार्यकाल के दौरान धर्मेंद्र सिंह ने कई महत्वपूर्ण मामलों में कार्रवाई करते हुए जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष अभियान चलाए। उनके कार्यकाल में पुलिस ने कई बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम दिया। अब उनका तबादला चित्तौड़गढ़ जिले में किया गया है।