बिजौलिया में दिनदहाड़े चोरी: दुकानदार के वॉशरूम जाते ही गल्ले से 25 हजार ले उड़ा उचक्का
ललित चावला बिजौलिया | 17 May 2026
पीड़ित दुकानदार जगदीश चंद्र
बिजौलिया। कस्बे में आज दिनदहाड़े चोरी की वारदात ने व्यापारियों में चिंता बढ़ा दी है। नगर पालिका चौक के निकट रामद्वारा के सामने स्थित एक होलसेल मनिहारी दुकान पर ग्राहक बनकर आए एक युवक ने दुकानदार की गैर मौजूदगी का फायदा उठाते हुए गल्ले से करीब 25 हजार रुपए की नगदी पार कर दी। वारदात दोपहर की बताई जा रही है।
पीड़ित दुकानदार जगदीश चंद्र खटीक ने बताया कि वह दुकान से करीब 20 मीटर दूर स्थित वॉशरूम गए हुए थे। इस दौरान दुकान पर कोई मौजूद नहीं था। तभी कबाड़ी का कार्य करने वाला एक युवक ग्राहक बनकर दुकान पर आया और मौका पाकर सीधे गल्ले तक पहुंच गया। आरोपी गल्ले में रखी नगदी निकालकर अपनी जेब में भरने लगा।
इसी बीच वॉशरूम से लौट रहे दुकानदार की नजर आरोपी पर पड़ गई। दुकानदार को अपनी ओर आते देख युवक घबरा गया और अपने साथ लाया कबाड़ का सामान व चप्पल दुकान पर ही छोड़कर नगदी लेकर भाग निकला। दुकानदार ने उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी एक संकरी गली में घुसकर आंखों से ओझल हो गया।
पीड़ित के अनुसार आरोपी करीब 25 हजार रुपए से अधिक की नगदी लेकर फरार हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित दुकानदार ने प्रारंभिक रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस द्वारा फिलहाल जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है।