बिजौलिया पुलिस की बूंदी में कार्रवाई : 14 साल से फरार डकैती प्रकरण का 5 हजार का ईनामी वारंटी गिरफ्तार

ललित चावला बिजौलिया | 16 May 2026

14 साल से फरार डकैती प्रकरण का 5 हजार का ईनामी वारंटी गिरफ्तार

बिजौलिया। पुलिस थाना बिजौलिया ने डकैती के एक पुराने प्रकरण में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 14 वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के ईनामी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए अपना निवास स्थान बदल-बदल कर रह रहा था।

थाना प्रभारी स्वागत पांड्या ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शंकरलाल कालबेलिया निवासी बेबड़िया थाना डाबी जिला बूंदी का रहने वाला है, जो वर्तमान में अपना ठिकाना बदलकर झालावाड़ जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के किशनखेड़ी इलाके में रह रहा था। आरोपी डकैती के एक पुराने प्रकरण में पिछले 14 साल से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार ईनामी वारंटी शंकरलाल अपनी रिश्तेदारी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तालेड़ा क्षेत्र में आया हुआ है। सूचना पर बिजौलिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तालेड़ा जिला बूंदी में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में एएसआई लक्ष्मण सिंह एवं कांस्टेबल मायाराम की विशेष भूमिका रही।

Share this news:
Facebook WhatsApp