अटल जन सेवा शिविर : जिला कलेक्टर ने की आमजन की समस्याओं की सुनवाई
ललित चावला बिजौलिया | 14 May 2026
बिजौलिया। आमजन की परिवेदनाओं एवं विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से गुरुवार को ब्लॉक स्तरीय अटल जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कस्बे के लोगों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
शिविर का निरीक्षण जिला कलेक्टर भीलवाड़ा जसमीत सिंह सिंधु द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का नियमानुसार एवं शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
शिविर में राजस्व विभाग से संबंधित 4 प्रकरण प्राप्त हुए, जबकि पंचायती राज विभाग के कुल 10 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा बिजली विभाग के 2 तथा जलदाय विभाग एवं चंबल विभाग से जुड़े कुल 2 प्रकरण भी सामने आए। वहीं अन्य विभागों से संबंधित कुछ प्रकरण भी प्राप्त हुए, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। शिविर में उपखंड अधिकारी अजीत सिंह, तहसीलदार ललित कुमार सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।