सरकारी जमीन पर कब्जा: प्रशासन का चला पीला पंजा, अवैध निर्माण ध्वस्त

ललित चावला बिजौलिया | 14 May 2026

प्रशासन का चला पीला पंजा, अवैध निर्माण ध्वस्त

बिजौलिया। कस्बे के प्रगति नगर के सामने स्थित बेशकीमती सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बिजौलिया प्रशासन ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए पक्के निर्माण को ध्वस्त कर कब्जा मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला, पुलिस जाब्ते और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचा।

जानकारी अनुसार कस्बा निवासी एक व्यक्ति लंबे समय से रसूख का हवाला देकर सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए हुए था। क्षेत्रवासियों द्वारा कई बार लिखित शिकायतें देने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई को अंजाम दिया। गुरुवार सुबह प्रशासन ने ‘बिला नाम’ सरकारी भूमि पर बनाए गए पक्के निर्माण, बाउंड्रीवॉल और कमरे को जेसीबी की मदद से हटाना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार प्रगति नगर आबादी क्षेत्र के सामने स्थित इस सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बाउंड्रीवॉल एवं कमरे का निर्माण कर कब्जा किया गया था। यहां पत्थर के ब्लॉक रखकर अंदर खंडा पत्थरों की चारदीवारी की हुई थी। बिजली का कनेक्शन भी लिया हुआ था। उच्चाधिकारियों के निर्देश एवं नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संपूर्ण निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है। ईओ पंकज मंगल का कहना है कि इस जगह सरकारी संपत्ति का बोर्ड लगाकर इसे सुरक्षित किया जाएगा।

पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराने के लिए लिखा पत्र

पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराने के लिए लिखा पत्र

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रभावशाली पहचान की आड़ में सरकारी संपत्ति पर कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि  कार्रवाई ने यह साफ कर दिया कि कानून के आगे किसी भी प्रकार का रसूख मायने नहीं रखता।

Share this news:
Facebook WhatsApp