42 डिग्री की गर्मी में रक्तदान का महाकुंभ: 3069 यूनिट रक्त संग्रह का रिकॉर्ड

ललित चावला बिजौलिया | 13 May 2026

3069 यूनिट रक्त संग्रह का रिकॉर्ड

बिजौलिया।विवेक सुषमा धाकड़ स्मृति चेरेटीबल ट्रस्ट द्वारा बुधवार को आयोजित 13वें विशाल रक्तदान शिविर में ऐतिहासिक 3069 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिसे एक रिकॉर्ड माना जा रहा है। विशेष बात यह रही कि 950 महिलाओं ने रक्तदान कर सामाजिक भागीदारी का नया उदाहरण प्रस्तुत किया।

उपखंड क्षेत्र के नया गांव स्थित आदर्श धाकड़ विद्यापीठ सीनियर सेकंडरी स्कूल परिसर में आयोजित शिविर स्वर्गीय सुषमा देवी धाकड़ एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय विवेक धाकड़ की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ ट्रस्ट संस्थापक एवं पूर्व जिला प्रमुख इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़, ट्रस्ट चेयरमैन दीपशिखा धाकड़ सहित ट्रस्टियों ने मंत्रोच्चारण के साथ स्वर्गीय विवेक धाकड़ एवं सुषमा देवी धाकड़ की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

10 मेडिकल टीमों ने किया रक्त संग्रह

शिविर में भीलवाड़ा, जयपुर, उदयपुर और कोटा से पहुंची कुल 10 ब्लड बैंक टीमों ने रक्त संग्रहण किया। इनमें महात्मा गांधी ब्लड बैंक, रामस्नेही ब्लड बैंक, कोटड़ी श्याम ब्लड बैंक, अरिहंत ब्लड बैंक, भीलवाड़ा ब्लड बैंक, एसएमएस ट्रॉमा ब्लड बैंक जयपुर, शांति ब्लड बैंक जयपुर, पेसीफिक ब्लड बैंक उदयपुर, कृष्णा रोटरी ब्लड बैंक कोटा तथा अग्रवाल ब्लड बैंक कोटा शामिल रहे। आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर में युवाओं के साथ महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

बसों में आए सैकड़ों रक्तदाता

इस शिविर की खास बात यह रही कि भीलवाड़ा, जहाजपुर और मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों से 10 बसों सहित निजी वाहनों से युवाओं की टीमें रक्तदान के लिए पहुंचीं। माहौल किसी महोत्सव जैसा नजर आया। वहीं जयपुर और उदयपुर की ब्लड बैंक टीमें दोपहर तक अपनी क्षमता के अनुसार रक्त संग्रह कर लौट गईं।

तेज गर्मी में भी रक्तदाताओं का उत्साह बना रहा 

42 डिग्री तापमान के बीच ग्रामीण अंचल में एक ही स्थान पर एक दिन में 3069 यूनिट रक्त संग्रह को क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

यह रहे उपस्थित 

शिविर में श्री धाकड़ महासभा युवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्जुन धाकड़, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन राजकुमार आंचलिया, विनोद ओस्तवाल, जफर टांक, प्रधान आशा कुमारी भील, उपप्रधान कैलाश धाकड़, रमेश धाकड, सरपंच संघ अध्यक्ष मोहनलाल धाकड़, ट्रस्ट सचिव गोपाललाल धाकड़, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र धाकड़, किसान पंचायत अध्यक्ष नारायणलाल धाकड़, समाज पंचायत अध्यक्ष मांगीलाल धाकड़, योगेश जैन, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मीना सोनी, पूर्व अध्यक्ष अल्का लढा सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शिविर के दौरान ट्रस्ट के भामाशाहों का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर एनीमिया जांच एवं महिला रोग विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श भी दिया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने ट्रस्ट के इस प्रयास को मानव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए सराहना की।

Share this news:
Facebook WhatsApp