नया गांव में विशाल रक्तदान शिविर: सुबह से ब्लड डोनेट के लिए आ रहे युवा, लोगों में खासा उत्साह
ललित चावला बिजौलिया | 13 May 2026
बिजौलिया के नया गांव स्थित श्री विवेक धाकड़ आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में आज विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मानव सेवा एवं जनकल्याण की भावना से आयोजित इस शिविर को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। सुबह से ही रक्तदाताओं की भीड़ देखी गई।
आयोजक संस्था विवेक सुषमा धाकड़ स्मृति चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की गई है। शिविर का आयोजन सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम की मौजूदगी में रक्त संग्रह किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
ट्रस्ट के योगेश जैन ने बताया कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से रक्तदान शिविर में पहुंचकर सहयोग करने की अपील की। आयोजको ने बताया कि शिविर में रक्तदाताओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों का सम्मान भी किया जाएगा। साथ ही लोगों से अपने परिचितों और मित्रों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया है। इस अवसर पर भीलवाड़ा के पूर्व जिला प्रमुख कन्हैयालाल धाकड, श्री विवेक सुषमा चेरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष सुषमा धाकड़, ट्रस्ट सचिव गोपाल धाकड, राजेश धाकड, रमेश धाकड सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रक्तदान के प्रति महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया