संस्कार ही बच्चों की असली पूंजी : सांसद दामोदर अग्रवाल : कहा-बिजौलिया को रेलवे लाइन से जोड़ने के प्रयास करेंगे

ललित चावला बिजौलिया | 12 May 2026

कहा-बिजौलिया को रेलवे लाइन से जोड़ने के प्रयास करेंगे

बिजौलिया। कस्बे के आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में सोमवार रात्रि आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद दामोदर अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संस्कारों का महत्व बताते हुए कहा कि विद्यालयों में दिए जाने वाले संस्कार जीवनभर काम आते हैं। उन्होंने कहा कि आज कई बच्चे विदेशों में जाकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि कई माता-पिता स्वयं को ठगा हुआ महसूस करते हैं। ऐसे समय में संस्कारित शिक्षा की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि आज देश का प्रधानमंत्री जिस सर्वोच्च पद पर बैठा है, वह कभी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एक साधारण कार्यकर्ता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्वभर में भारत का मान बढ़ा है और उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने एक पुस्तक का विमोचन भी किया। विद्यालय समिति अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण ने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। वहीं प्रधानाचार्य मिट्ठूलाल शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इस अवसर पर कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सांसद दामोदर अग्रवाल ने बिजौलिया क्षेत्र को प्रस्तावित सिंगोली-नीमच-रतलाम रेलवे लाइन से जोड़ने के प्रयास किए जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि बिजौलिया में खनन एवं औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण रेलवे कनेक्टिविटी की आवश्यकता है और इस संबंध में वे रेल मंत्री से चर्चा कर पहल करेंगे। खेराड़ क्षेत्र की सड़कों को लेकर सांसद ने कहा कि उनके प्रयासों से 100 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है, लेकिन सीताकुंड के पास सड़क की स्थिति बेहद खराब है। इस पर उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई तथा जिला कलेक्टर से भी दूरभाष पर चर्चा कर समस्या के शीघ्र समाधान के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि मंदाकिनी मंदिर के संरक्षण एवं विकास के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से चर्चा कर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Share this news:
Facebook WhatsApp